

गैस सिलेंडर में लगी आग से मां- बेटा झुलसे, अस्पताल में हंगामा
गैस सिलेंडर में लगी आग से मां- बेटा झुलसे, अस्पताल में हंगामा खराखेल फर्रुखाबादी, कन्नौज। शादी के बाद दुल्हन के पहली बार ससुराल आने पर घर में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में आग लग गई। जिससे मां- बेटा झुलस गये। अस्पताल पहुंचने पर इलाज को लेकर तीमारदारों ने हंगामा किया। इसमें दो स्वास्थ्य कर्मी चुटहिल हो गये। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव अतिराजपुर के रहने वाले समरपाल कठेरिया के बेटे सचिन की शादी थी। दुल्हन के घर आने के बाद शुक्रवार को खाना बन रहा था। तभी गैस सिलेंडर में लीकेज होने से आग लग गई। खाना बना रही कांती देवी पत्नी समरपाल आग की लपटों में घिर गई। मां को लपटों में घिरा देख बेटा रंजीत बचाने के लिए दौड़ा। रंजीत ने साहस जुटाते हुए सिलेंडर में लगी आग पर काबू तो पा लिया लेकिन खुद बुरी तरह झुलस गया। आग में मां- बेटे के झुलस जाने से शादी वाले घर में कोहराम मच गया। इस पर दोनों को आनन- फानन में सौ शैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज को लेकर अस्पताल आये तीमारदारों ने हंगामा करते हुए हाथापाई कर दी। इसमें स्वास्थ्य कर्मी अमन व सफाई कर्मचारी रजनीश घायल हो गये। जिससे अस्पताल के कर्मचारियों में अफरा- तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया।
4/18/20251 मिनट पढ़ें