

My post content
अतुल्य गंगा ग्रीन इण्डिया फाउंडेशन ने साइकिल यात्रा निकाल कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
खराखेल फर्रुखाबादी,फर्रुखाबाद। अतुल्य गंगा ग्रीन इण्डिया फाउंडेशन वृक्षमाल अभियान के द्वारा गंगोत्री से लेकर प्रयागराज तक 11 दिन की साइकिल यात्रा निकाल कर पर्यावरण संरक्षण एवं गंगा स्वच्छता अभियान के प्रति जागरूक करने के संकल्प के साथ आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ कैण्ट में एक सभा आयोजित कर छात्र - छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण, गंगा को स्वच्छ रखने, प्लास्टिक मुक्त भारत को रखने के लिए शपथ दिलाई। इस अवसर पर विद्यालय में इस फाउण्डेशन के द्वारा वृक्षारोपण भी किया। इस फाउण्डेशन में अवकाश प्राप्त सैन्य अधिकारी तथा अन्य सिविल अधिकारी शामिल हैं। विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। विद्यालय की कार्यवाहक प्रधानाचार्य एकता साध ने सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए उनके इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की।फाउण्डेशन के सदस्य अवकाश प्राप्त कर्नल मनोज केश्वर ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत में नदियां धीरे - धीरे लुप्त हो रही हैं। विश्व का सबसे श्रेष्ठ लोकतन्त्र वाले देश की राजधानी दिल्ली में प्रवाहित यमुना की दुर्दशा है। गंगा का पानी प्रदूषित हो रहा है। हमारी संस्कृति नदी पर ही वसती है और हम लोग नदियों पर ही आश्रित हैं। नदियों का पानी दिन प्रतिदिन समाप्त हो रहा है जिससे जनता पलायन की कगार पर है। कर्नल मनोज केश्वर ने बताया कि हम सभी ने 20 जनवरी 2025 से 11 दिन की गंगोत्री से साइकिल यात्रा शुरू की जो 31 जनवरी को महाकुंभ प्रयागराज में समाप्त होगी। हमारे संगठन का एक ही अभियान गंगा को प्लास्टिक मुक्त करना है। फाउण्डेशन के संस्थापक 83 वर्षीय गोपाल शर्मा ने बताया कि चालीस प्रतिशत आबादी गंगा के किनारे रहती है। गंगा के लुप्त होने पर इस आबादी को भी पलायन करना पड़ेगा। कानपुर से गंगा लुप्त प्राय ही हो गयी हैं। उन्होंने बताया कि गंगा को प्लास्टिक मुक्त करना हमारा उद्देश्य है इसके लिए हमारा संगठन ब्लैक होल मशीन लगायेगा जो प्लास्टिक को राख में परिवर्तित कर देगी। जिससे ईंटों आदि का निर्माण हो सकेगा। हमारे फाउण्डेशन के सदस्य कालेश्वर जी अभी तक हजारों पेड़ लगाए हैं जिनमें 80 प्रतिशत से भी अधिक पेड़ फल फूल रहे हैं। वृक्षमाल अभियान के तहत वृक्षारोपण चलाकर ग्रीन इण्डिया के सपनों को साकार करना हमारा उद्देश्य है। हम सभी को अपने जन्म दिवस पर कम से कम एक पेड़ लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। इस अवसर पर एन सी सी के 12 यू पी बटालियन और 4 यू पी बटालियन के कैडिट्स ने अपना सराहनीय योगदान दिया। कार्यक्रम के अन्त में विद्यालय की अंग्रेजी प्रवक्ता पूर्णिमा अग्निहोत्री ने आगन्तुक अतिथियों तथा साइकिल यात्रा की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मेजर फिलिप, मेजर एकलव्य नेहरा, ए एन ओ लेफ्टिनेंट चंचल शर्मा, अनुराधा मुखर्जी, सर्वेश मिश्रा ,विद्यालय के मीडिया प्रभारी डॉ० सुनील कुमार त्रिपाठी सहित कई लोग उपस्थित रहे।
1/28/20251 मिनट पढ़ें