अब खरा खेल फर्रुखाबादी हर खबर के साथ आपके मोबाइल पर

पारा 9° डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा, ठंड से आम जनता बेहाल

खरा खेल फर्रुखाबादी, फर्रुखाबाद। यहां पिछले कई दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। मंगलवार को पारा लुढ़क कर 9 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गयाहै। ठंड के सितम के हालात यह है कि घने कोहरे और ठंडी हवाओं ने ठंड का असर और भी ज्यादा बढ़ा दिया। लोग अलावों और गर्म कपड़ों के सहारे ठंड से बचने की कोशिश करते नजर आए। सोमवार शाम से ही कोहरा छाने लगा था और मंगलवार सुबह तक पूरा शहर घने कोहरे की चादर में लिपट गया। बर्फीली हवाओं के चलते गलन बढ़ गई है और लोग अपने घरों में दुबके रहने को मजबूर हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को हवाएं 15 किमी/घंटा की रफ्तार से चलीं, जिससे ठंड का असर और ज्यादा बढ़ गया। कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम हो गई, जिससे सड़क और रेल यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। ठंडी हवाओं के बीच लोगों का जमावड़ा चाय की दुकानों पर देखा गया। लोग चाय की चुस्कियों के साथ ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, ठंड इतनी तेज है कि कई जगह अलाव की व्यवस्था न होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। घने कोहरे के चलते सड़क और रेल यातायात में भारी दिक्कतें आ रही हैं। रेल सेवाएं: कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिससे यात्री प्लेटफॉर्म पर ठिठुरते हुए घंटों इंतजार करने को मजबूर हैं। बसों की देरी और कम विजिबिलिटी के कारण यात्रियों को ठंड में परेशान होना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले कुछ दिनों तक सर्द हवाओं और घने कोहरे का असर बना रहेगा। बारिश की संभावना भी जताई गई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। पिछले साल इसी समय अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम 13 डिग्री था। अलाव की उचित व्यवस्था न होने से यात्रियों और गरीबों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बस स्टैंड और रेलवे प्लेटफॉर्म जैसे सार्वजनिक स्थानों पर ठंड से बचने के लिए कोई इंतजाम नहीं है। लोग निजी तौर पर अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश कर रहे हैं। सर्दी के इस प्रकोप को देखते हुए प्रशासन और समाजसेवी संगठनों को अलाव और गर्म कपड़ों की व्यवस्था करनी चाहिए। जो कि नही की गई है।

1/7/20251 मिनट पढ़ें