अब खरा खेल फर्रुखाबादी हर खबर के साथ आपके मोबाइल पर

My post content

शौच के लिए गई किशोरी का शव पेड़ से लटका मिला, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, सड़क पर जाम

खरा खेल फर्रुखाबादी फर्रुखाबाद, नवाबगंज।थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर त्योरी में एक 15 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। किशोरी का शव गुरुवार सुबह कंचन के पेड़ पर मफलर से लटका हुआ मिला। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। किशोरी रोशनी, जो कक्षा 10 की छात्रा थी, बुधवार रात लगभग 10 बजे शौच के लिए घर से निकली थी। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। गुरुवार सुबह रामताल आश्रम परिसर में झाड़ू लगाने गए कन्हैया ने किशोरी का शव पेड़ से लटका हुआ देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थानाध्यक्ष विद्यासागर तिवारी और बबना चौकी प्रभारी योगेश कुमार मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से नमूने लिए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता अवधेश राजपूत ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को लटकाया गया है। परिजनों ने गांव के बाहर बाइक सवार युवक को पकड़ा, जिसकी गांव के एक व्यक्ति से रिश्तेदारी है। परिजनों ने उस पर हत्या का आरोप लगाते हुए मारपीट की और पुलिस को सौंप दिया। शुक्रवार सुबह आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने किशोरी के शव को नवाबगंज-अलीगंज मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। जाम के कारण यातायात प्रभावित: जाम के कारण सड़क पर लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंचे सीओ राजेश द्विवेदी और नवाबगंज चेयरमैन अनिल राजपूत ने आक्रोशित लोगों को समझाया और जाम को समाप्त कराया। किशोरी के पिता अवधेश कुमार ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण माहौल है। परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है और मामले की गहराई से जांच की मांग की है।

12/27/20241 min read